बिलासपुर । छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित इस ग्रेन एटीएम के जरिए राशन कार्डधारी हितग्राहियों को त्वरित, सटीक और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और राशन कार्डधारी हितग्राही मौजूद रहे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार की नई शुरुआत
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को आम जनता को समर्पित करते हुए इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से राशन वितरण व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और हितग्राही-केंद्रित बनाया जा सकता है। ग्रेन एटीएम इसी दिशा में एक अभिनव पहल है।
कैसे काम करेगा अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम?
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन लेने की प्रक्रिया सरल और सुरक्षित रखी गई है।
राशन लेने के लिए हितग्राही को ये प्रक्रिया अपनानी होगी:
- मशीन के सामने निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी फिंगरप्रिंट देना होगा।
- प्रमाणीकरण के बाद स्क्रीन पर उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा दिखाई देगी।
- हितग्राही स्क्रीन पर प्रदर्शित जानकारी की पुष्टि करेगा।
- खाली बैग या थैले को मशीन के डिस्पेंसर के नीचे रखना होगा।
- डिस्पेंस बटन दबाते ही कुछ सेकंड में निर्धारित मात्रा का खाद्यान्न मशीन से निकलकर बैग में भर जाएगा।
- राशन प्राप्त होने के बाद हितग्राही स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि करेगा।
मानवीय त्रुटियां होंगी कम, समय की होगी बचत
ग्रेन एटीएम से राशन वितरण में मानवीय त्रुटियों को कम करने, समय बचाने और हितग्राहियों को सटीक मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मशीन आधारित वितरण व्यवस्था से राशन की मात्रा की सटीकता बनी रहेगी और हितग्राही स्वयं पूरी प्रक्रिया को देख सकेंगे। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ग्रेन एटीएम को लेकर हितग्राहियों में दिखा उत्साह
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को लेकर राशन कार्डधारी हितग्राहियों और आम नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मशीन से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया।
हितग्राहियों ने मशीन की सरल कार्यप्रणाली, सटीक तौल और त्वरित वितरण की सराहना की। नागरिकों ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सकारात्मक तकनीकी बदलाव बताया।
अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी सेवा पहुंचाने की पहल
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत से छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तकनीकी आधुनिकीकरण को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह व्यवस्था राशन वितरण को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के साथ हितग्राहियों के समय की भी बचत करेगी।
यह पहल राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, विश्व खाद्य कार्यक्रम की सुश्री नताशा कुमारी पनवार सहित खाद्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
