रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सदियों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में एक चौक का नामकरण किया जाएगा। साथ ही सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सेन समाज का गौरवशाली इतिहास, कर्पूरी ठाकुर ने बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। कर्पूरी ठाकुर वंचित वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष के प्रतीक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेन समाज अपनी पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सनातन परंपराओं और संस्कारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।
केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था।
उन्होंने बताया कि पारंपरिक व्यवसायों को मजबूत करने के लिए सेन समाज के लोगों को सैलून संचालन के लिए किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट देने जैसी पहल की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और मांगों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक
सेन समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण किया जाएगा। इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है।
उन्होंने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के अनुरूप आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारंपरिक हुनर और श्रम का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
ढाई साल में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा करने का काम तेजी से हुआ है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 1,500 से 1,600 मकानों का निर्माण हो रहा है।
किसानों से किए गए वादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया गया है।
70 लाख माताओं-बहनों को हर माह मिल रहा महतारी वंदन का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की राशि अंतरित की जा रही है। योजना के माध्यम से ढाई वर्षों में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा की इच्छा को पूरा करने के लिए सरकार अपने खर्च पर उन्हें देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करा रही है।
भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि की गई है और चरण पादुका योजना को पुनः शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। नई उद्योग नीति के माध्यम से लगभग डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
समाज के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं
मुख्यमंत्री ने सेन समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि समाज के जो बेटे-बेटियां विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में बिजली बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण कई परिवारों पर बड़ी राशि का बकाया हो गया है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना लागू की गई है।
उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से योजना में पंजीयन कराकर बिजली बिल में मिलने वाली राहत का लाभ लेने की अपील की।
80 हजार घरों में लगाए जा चुके हैं सोलर सिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक लगभग 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिनमें करीब 40 हजार घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।
सेवा सेतु से घर बैठे मिल रही 700 से अधिक सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सेवा सेतु शुरू किया गया है। इसके माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
नागरिक मोबाइल के माध्यम से घर बैठे जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से सीधे दर्ज कराएं शिकायत
मुख्यमंत्री ने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से घर बैठे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि तहसीलदार, इंजीनियर, थाना प्रभारी से लेकर सचिव स्तर तक के करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं। शिकायतों के समाधान के लिए एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर की व्यवस्था बनाई गई है।
सेन समाज के युवाओं को मिलेंगे कौशल विकास के नए अवसर
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज को सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी बताते हुए कहा कि जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के प्रत्येक संस्कार में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सेन समाज के युवाओं और नेतृत्व की सक्रियता की सराहना की।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सेन शक्ति सम्मेलन सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास विभाग के माध्यम से सेन समाज के युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण और रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशिक्षित युवाओं को वितरित की गई किट
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि सेन समाज के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने समाज के उत्थान और कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित सेन समाज के युवाओं को किट का वितरण भी किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, अधिकारी, सेन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
