रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार तथा संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि जब माताएं और बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो परिवार सशक्त होता है, बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है और समाज विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता है। इसलिए मातृशक्ति का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
सिर्फ सहायता राशि नहीं, आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को भी मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की लाखों महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका पर कर रही हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
स्वरोजगार और बचत को मिला बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक महिलाएं महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं, जबकि कई महिलाओं ने सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, किराना दुकान, सब्जी विक्रय, पशुपालन, अगरबत्ती निर्माण जैसे छोटे-छोटे स्वरोजगार शुरू कर अपनी आय बढ़ाई है।
उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रही हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी पेश कर रही हैं।
30 किस्तों में 19,444 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। आज जारी की गई 30वीं किस्त के बाद योजना के तहत महिलाओं को अब तक 19,444.33 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से हर महीने सहायता राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
मातृशक्ति के सम्मान और समृद्धि का अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय समावेशन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
