अंबिकापुर। अंबिकापुर से लगे ग्राम पंचायत हर्राटिकरा में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा, वनमंडलाधिकारी अभिषेक जोगावत, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पीपल और बरगद जैसे वृक्ष सबसे अधिक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए इनके रोपण और संरक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रदेश में 7.15 लाख पौधों का हुआ रोपण
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक करीब 7.15 लाख पौधों का रोपण किया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
सरगुजा जिले में लगाए गए 4.5 लाख पौधे
वनमंडलाधिकारी अभिषेक जोगावत ने बताया कि जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत सरगुजा जिले में लगभग 4.5 लाख पौधों का रोपण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत ने भी पौधरोपण किया और लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना भी सभी की जिम्मेदारी है।
