अंबिकापुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं राष्ट्रीय कला उत्सव के तहत संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के छह केंद्रीय विद्यालयों के करीब 235 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छात्रों ने सांस्कृतिक और कलात्मक प्रस्तुतियों से मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान एकल गान, एकल नृत्य, समूह गान, समूह नृत्य, स्टोरी टेलिंग और विजुअल आर्ट सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
छह केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर के अलावा चिरिमिरी, झगराखंड, बैकुंठपुर, जशपुर सहित सरगुजा संभाग के अन्य केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी रचनात्मकता और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मिला बढ़ावा
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, भारतीय संस्कृति की विविधता से परिचित कराना तथा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना है।
उत्कृष्ट प्रतिभाओं का किया गया चयन
प्रतियोगिताओं के समापन पर निर्णायकों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
