रायपुर। तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक श्री हेमंत रमेश नंदनवार ने 5 अगस्त 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थाओं एवं छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीजीआईटी) की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र प्रवेश, अधोसंरचना विकास और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छात्र प्रवेश और संस्थागत विकास में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान
समीक्षा बैठक में उन प्राचार्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने छात्र प्रवेश क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि और संस्थागत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया।
तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस पहल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रोजगारोन्मुख तकनीकी शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता
संचालक हेमंत रमेश नंदनवार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नवाचार, प्रभावी जनसंपर्क और सतत प्रयासों के माध्यम से छात्र प्रवेश बढ़ाने वाले संस्थान अन्य शिक्षण संस्थाओं के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संस्थानों को लगातार नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करना होगा।
उद्योगों से समन्वय और कौशल विकास पर दिया जोर
संचालक ने प्राचार्यों से संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता, कौशल विकास, उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय, आधुनिक प्रयोगशालाओं के प्रभावी उपयोग तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को सम्मानित करने से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश में तकनीकी शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
सम्मानित प्राचार्यों ने जताया आभार
सम्मानित प्राचार्यों ने तकनीकी शिक्षा विभाग और संचालक हेमंत रमेश नंदनवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने-अपने संस्थानों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने और छात्र हित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
