रायपुर। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव के उद्देश्य से 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की निःशुल्क दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे मुख्य दिवस पर दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों, सहायता प्राप्त स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, महाविद्यालयों तथा विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों तक पहुंचकर एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी।
इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के पेट के कृमि (कीड़े) समाप्त कर उनके पोषण स्तर, रोग प्रतिरोधक क्षमता और सीखने की क्षमता में सुधार करना है।
उम्र के अनुसार दी जाएगी दवा
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बच्चों को आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी।
- 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (200 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर दी जाएगी।
- 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चूरा बनाकर दी जाएगी।
- 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली (400 मि.ग्रा.) चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी।
दवा का वितरण प्रशिक्षित शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की निगरानी में किया जाएगा।
17 अगस्त को होगा मॉप-अप अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यदि कोई पात्र बच्चा 10 अगस्त को दवा नहीं ले पाता है, तो उसे 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा कृमि मुक्ति अभियान से वंचित न रहे।
कृमिनाशन से मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, भूख कम लगना, पेट दर्द, पढ़ाई में एकाग्रता की कमी तथा शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल एक सुरक्षित और प्रभावी कृमिनाशक दवा है, जिसके नियमित सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होता है और उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र बच्चे को 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलाएं। जो बच्चे उस दिन छूट जाएं, उन्हें 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर दवा जरूर दिलाई जाए।
