रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सेवा सेतु आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इसी पहल के तहत सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोटेतरा निवासी स्वाति आदित्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र प्राप्त हुए।
दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिली राहत
आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में स्वाति आदित्य को कई शासकीय कार्यों और महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सही जानकारी और मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, लेकिन काम पूरा नहीं हो पा रहा था।
इसी दौरान उन्हें सेवा सेतु केंद्र की जानकारी मिली। इसके बाद वे अपने पिता लक्ष्मण प्रसाद के साथ केंद्र पहुंचीं और आय, जाति तथा निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया।
ऑनलाइन पंजीयन के साथ मिला पूरा मार्गदर्शन
सेवा सेतु केंद्र में स्वाति के आवेदन का तुरंत ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित विभाग को भेजा गया। केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और पूरी प्रक्रिया के दौरान उचित मार्गदर्शन एवं समन्वय सुनिश्चित किया।
तहसीलदार ने जारी किए सभी आवश्यक प्रमाण पत्र
निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैजैपुर तहसीलदार द्वारा स्वाति आदित्य के स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
समय पर दस्तावेज मिलने से अब उन्हें भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जताया आभार
समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत कार्य पूरा होने पर स्वाति आदित्य और उनके पिता लक्ष्मण प्रसाद ने सेवा सेतु की त्वरित एवं सुगम कार्यप्रणाली की सराहना की।
उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु ने आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को पहले से अधिक आसान और सुलभ बना दिया है।
