रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से गर्व की खबर आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई, वीडियो कॉल पर जाना तैयारियों का हाल
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
खेलो इंडिया सेंटर में ले रही हैं उच्चस्तरीय प्रशिक्षण
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित मधु सिदार और गीता यादव प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ में विकसित खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मधु सिदार: जशपुर के छोटे गांव से टीम इंडिया तक का सफर
मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली हैं। किसान परिवार से आने वाली मधु ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है।
उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा लिया है। वर्ष 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था।
मधु ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में भी हिस्सा लिया और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया।
उनका अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे और वर्ष 2026 में इंग्लैंड एवं स्कॉटलैंड दौरे पर भी वे भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में मधु सिदार और गीता यादव का चयन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। दोनों खिलाड़ी अब चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उनके चयन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
