रायपुर। धमतरी जिले की बेटी रेणुका गोस्वामी को आगामी 15 अगस्त के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल रेणुका की मेहनत और प्रतिभा का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और कौशल विकास की सफलता का भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
कौशल विकास से बदली जिंदगी, बनीं युवाओं के लिए प्रेरणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका गोस्वामी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और कौशल के दम पर सफलता की नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है और यह दर्शाता है कि सही अवसर और प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
धमतरी के नवागांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर
रेणुका गोस्वामी धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया और इसके बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की।
निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट कार्य के बल पर उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे रायपुर की एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह का वेतन प्राप्त कर रही हैं। उनकी सफलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि रेणुका गोस्वामी जैसी सफल युवतियां इस बात का प्रमाण हैं कि सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण अंचल के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं रेणुका
उप मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह में रेणुका गोस्वामी की उपस्थिति प्रदेश की बेटियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में कौशल विकास कार्यक्रमों की सफलता और ग्रामीण प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान का भी प्रतीक है।
