रायपुर, 1 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी त्वरित जनसमस्या समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका उदाहरण बालोद जिले के डौण्डी विकासखंड के ग्राम देवपाण्डुम में देखने को मिला, जहां पेयजल संकट की शिकायत का समाधान महज 48 घंटे में कर दिया गया।
लगातार बारिश और तेज आंधी के कारण जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर आधारित जल प्रदाय प्रणाली में तकनीकी खराबी आ गई थी। इससे गांव के करीब 25 परिवारों की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी।
ग्रामीण छत्तर सिंह कुमेटी ने सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग और क्रेडा की टीम सक्रिय हुई तथा अगले ही दिन गांव पहुंचकर सोलर सिस्टम की मरम्मत शुरू कर दी।
तकनीकी खराबी दूर होते ही जलापूर्ति फिर से सुचारु हो गई और ग्रामीणों को राहत मिली। शिकायतकर्ता छत्तर सिंह कुमेटी ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वनांचल क्षेत्र की समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा।
ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 दूरस्थ क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बन रही है।
