रायपुर, 1 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विश्रामपुर रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-2) पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम जांच के साथ जरूरतमंद मरीजों की मुफ्त सर्जरी भी करेगी।
प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी। मरीजों को आंख, कान, दांत, प्लास्टिक सर्जरी तथा महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर की जांच जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
किन मरीजों को मिलेगा लाभ?
- आंखों की जांच और मोतियाबिंद सर्जरी
- कान की जांच एवं सर्जरी
- कटे-फटे होंठ और जलने के बाद की प्लास्टिक सर्जरी
- दांतों की जांच एवं उपचार
- महिलाओं के लिए स्तन और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग
- 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच एवं निःशुल्क सर्जरी
उपचार का कार्यक्रम
- 16–21 अगस्त: आंखों की ओपीडी एवं कैंसर स्क्रीनिंग
- 17–22 अगस्त: मोतियाबिंद सर्जरी
- 22–27 अगस्त: कान की ओपीडी
- 23–28 अगस्त: कान की सर्जरी
- 28–31 अगस्त: प्लास्टिक सर्जरी एवं मुड़े हुए हाथ-पैर की ओपीडी
- 29 अगस्त–1 सितंबर: प्लास्टिक एवं ऑर्थोपेडिक सर्जरी
- 1–5 सितंबर: दंत उपचार
जिला प्रशासन की तैयारी
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन ने शिविर की तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्राम पंचायत प्रतिनिधि जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराएंगे।
