रायपुर, 1 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सोच को अमल में लाते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन ने सुदूर वनांचल क्षेत्र बरलगान पारा में पहुंचकर जनसमस्याओं का जायजा लिया। दुर्गम रास्तों के बावजूद कलेक्टर विजय दयाराम के. बाइक से गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर का निरीक्षण कर मलेरिया, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और ब्लड शुगर जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों के प्रत्येक व्यक्ति तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं।
इस दौरान ग्रामीणों को मच्छरदानियों का वितरण भी किया गया। कलेक्टर ने लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताते हुए बुखार आने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था और विकसित भारत जन-जन अभियान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने ग्रामीण रामसनेही मरावी के घर पहुंचकर योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली और अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक सभी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बरलगान पारा तक सड़क निर्माण की मांग भी रखी। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
