रायपुर, 1 अगस्त 2026। वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण केवल बेटियों को अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम नहीं बनाता, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है। उन्होंने यह बात कटघोरा के मंगल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर-2026 के शुभारंभ समारोह में कही।
मंत्री देवांगन ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागी बेटियों का स्वागत करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बेटियां ही सुरक्षित, सशक्त और विकसित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में कई पहल की जा रही हैं। साथ ही खेलो इंडिया जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं से भी खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच मिल रहा है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने से वे देश के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी और जिम्मेदार नागरिक बन सकती हैं।
कार्यक्रम में उन्होंने जिला कुडो संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बेटियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, जनक राजपूत, कुडो कराते संघ की अध्यक्ष सीता रजक, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
