रायपुर, 1 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर के पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में आयोजित राजा दक्ष प्रजापति जयंती एवं सर्व कुम्हार समाज के सामाजिक सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज का भारतीय सभ्यता और संस्कृति में प्राचीन काल से महत्वपूर्ण योगदान रहा है और समाज आज भी अपनी मेहनत व कौशल के दम पर नई पहचान बना रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों की खुदाई में मिले मिट्टी के बर्तन इस बात के प्रमाण हैं कि प्राचीन सभ्यता में कुंभकारों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक परंपराओं में भी मिट्टी के बर्तनों का विशेष महत्व है और सुख-दुख के हर अवसर पर इनका उपयोग होता है।
श्री साव ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना शिल्पकारों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान का मजबूत माध्यम बनी है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने भी माटीकला बोर्ड का गठन कर कुम्हार समाज के विकास और शिल्पकारों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में मिट्टी के बर्तनों की मांग फिर बढ़ रही है। डिजाइन और गुणवत्ता में बदलाव के कारण इनके उपयोग का दायरा बड़े होटलों, ऑनलाइन बाजार और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया है, जिससे कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, अटल श्रीवास्तव और सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, समाज के अध्यक्ष किशन प्रजापति, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के लोग उपस्थित रहे।
