रायपुर, 1 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलौदाबाजार के सकरी स्थित मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय वन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल एक संदेश नहीं, बल्कि पूरे देश को जोड़ने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही जंगलों को आग से बचाने में विशेष योगदान देने वाले वनसाथियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण का संकल्प लिया।
