रायपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सीजी 1076 के माध्यम से दर्ज शिकायत के बाद सात वर्षों से आधार कार्ड बनवाने के लिए भटक रहे युवक मुकुंद धीमर को आखिरकार आधार कार्ड मिल गया। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के हैदराबाद कार्यालय से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हो सका।
आधार कार्ड नहीं होने के कारण मुकुंद धीमर बैंक खाता नहीं खुलवा पा रहे थे। साथ ही राशन कार्ड में नाम दर्ज नहीं होने से वे विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने से भी वंचित थे। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सीजी 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए यूआईडीएआई के साथ समन्वय स्थापित किया और आधार कार्ड जारी कराया। अब मुकुंद धीमर बैंक खाता खुलवा सकेंगे, राशन कार्ड में अपना नाम जुड़वा सकेंगे तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
अपनी सात वर्ष पुरानी समस्या का समाधान होने पर मुकुंद धीमर ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
