सामरी (बलरामपुर)। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खान संभाग सामरी की सीएसआर प्रमुख कल्पना दास के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को क्षेत्रवासियों का व्यापक समर्थन और सराहना मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके कार्यभार संभालने के बाद सीएसआर कार्यक्रमों में तेजी आई है, जिससे लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है।
हाल ही में करौंधा हाई स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रयोगशाला प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न उपकरणों, मानव शरीर की संरचना, विज्ञान मॉडल तथा प्रयोगशाला उपकरणों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी हिंडाल्को की मोबाइल मेडिकल यूनिट दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाइयों का वितरण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करा रही है। इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद ग्रामीणों को राहत मिल रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि कल्पना दास के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उनके सरल व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण ने लोगों का विश्वास और जुड़ाव मजबूत किया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी प्रकार सामाजिक विकास की पहल लगातार जारी रही, तो आने वाले समय में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। हिंडाल्को की सीएसआर गतिविधियां ग्रामीण विकास के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रही हैं।
