रायपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से कार्टून वॉच द्वारा 3 अगस्त को जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देना तथा बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम के माध्यम से चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा तथा जनजातीय संस्कृति जैसी सकारात्मक पहचान को कार्टून कला के जरिए देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यशाला स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक पहल साबित होगी।
