रायपुर, 31 जुलाई। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महानदी तटवर्ती क्षेत्रों की तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में महानदी के बढ़ते जलस्तर, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि रायगढ़ जिले के महानदी किनारे बसे गांवों के साथ-साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल और चंद्रपुर क्षेत्र में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और ओडिशा सरकार के साथ समन्वय कर हीराकुंड बांध के गेटों के संचालन पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि संभावित बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें और अफवाहों से बचें। मंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार, प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयासों से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जाएगा तथा जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
