रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, रायपुर की छात्रा एवं 8 सीजी गर्ल्स बटालियन (एनसीसी) की कैडेट सानंदा शोविता का चयन वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री सर्वश्रेष्ठ सीनियर विंग कैडेट पुरस्कार हेतु किया गया है। यह सम्मान एनसीसी में उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन, प्रशिक्षण, सामाजिक सेवा और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाता है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रतिवर्ष एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों और एनसीसी अधिकारियों को मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री एवं एनसीसी दिवस के अवसर पर नगद पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए जाते हैं।
8 सीजी गर्ल्स बटालियन, एनसीसी, रायपुर द्वारा जारी चयन सूची में कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कैडेट सानंदा शोविता का चयन मुख्यमंत्री सर्वश्रेष्ठ एसडी/एसडब्ल्यू कैडेट पुरस्कार के लिए किया गया है।
₹25 हजार की नगद राशि और सम्मान मिलेगा
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत सानंदा शोविता को ₹25,000 की नगद राशि के साथ सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन, प्रशिक्षण और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान का सम्मान है।
कुलपति ने दी बधाई
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने सानंदा शोविता को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी एनसीसी और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
