रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना ‘हरियर छत्तीसगढ़’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को नया विस्तार देते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से वन मंत्री ने चलित पौधा वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना है।
‘नेचर्स एटीएम’ के जरिए घर-घर पहुंचेंगे पौधे
वन विभाग की इस अनूठी पहल के तहत रायपुर वनमंडल द्वारा संचालित चलित ‘नेचर्स एटीएम’ वाहन शहर के सभी 70 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और नागरिकों में पौधों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
फलदार, छायादार और ऑक्सीजन देने वाले पौधे होंगे उपलब्ध
‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से नागरिकों को फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन देने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधे निःशुल्क दिए जाएंगे। वन विभाग का मानना है कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
यह अभियान शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
‘माँ के नाम एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति सम्मान’ : केदार कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृसम्मान और प्रकृति संरक्षण, दोनों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘नेचर्स एटीएम’ जैसी पहल से हरियाली आम लोगों तक पहुंचेगी और रायपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में मदद मिलेगी।
नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम में वन विभाग और रायपुर वनमंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वन विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे ‘नेचर्स एटीएम’ से निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ें और ‘हरियर छत्तीसगढ़’ के संकल्प को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
