राजनांदगांव। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से किशोरी बालिकाओं की सुरक्षा के उद्देश्य से राजनांदगांव जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
6,576 किशोरियों का हुआ टीकाकरण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि अभियान के तहत अब तक जिले की 6,576 किशोरी बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित है तथा अब तक इसके किसी भी गंभीर दुष्प्रभाव की जानकारी सामने नहीं आई है।
4,001 बालिकाओं का जल्द होगा टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रथम चरण में टीकाकरण से वंचित रह गई 4,001 पात्र किशोरी बालिकाओं को भी जल्द ही एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए जिले के उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय तथा अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है और समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति पर विश्वास न करें और नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क टीकाकरण सुविधा का लाभ उठाएं।
