मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी । छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकारी योजनाओं का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखंड में संचालित उड़ान महिला सिलाई एवं फैशन बुटीक समूह आज महिलाओं के लिए स्वरोजगार और सम्मानजनक आजीविका का सफल उदाहरण बनकर उभरा है।
11 महिलाएं मिलकर बदल रही हैं अपनी तस्वीर
समूह से जुड़ी 11 महिलाएं ब्लाउज, सूट, पेटीकोट, फ्रॉक, पटियाला, बैग, पिको-फॉल सहित विभिन्न परिधानों की सिलाई और फैशन डिजाइनिंग का कार्य कर रही हैं। इसके अलावा स्थानीय दुकानों से सिलाई के ऑर्डर लेकर भी काम किया जा रहा है, जिससे समूह की आय लगातार बढ़ रही है।
सरकारी सहायता से मिला कारोबार को नया विस्तार
समूह को स्वरोजगार शुरू करने के लिए शासन की ओर से मुख्यमंत्री कोष से ₹2.80 लाख की सहायता और ग्राम संगठन के माध्यम से ₹1 लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस आर्थिक सहयोग से महिलाओं ने आधुनिक सिलाई एवं फैशन बुटीक की स्थापना की और अपने हुनर को व्यवसाय का रूप दिया।
सिर्फ 15 दिनों में ₹30 हजार की आय
समूह की अध्यक्ष रेखा बंजारे ने बताया कि संस्थान की शुरुआत 14 जुलाई 2026 को हुई थी। महिलाओं की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण कार्य के चलते केवल 15 दिनों में ही समूह ने लगभग ₹30 हजार की आय अर्जित कर ली। उन्होंने कहा कि यह सफलता सरकारी सहयोग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
अन्य महिलाओं को भी दिया जा रहा प्रशिक्षण
रेखा बंजारे ने बताया कि पहले समूह की अधिकांश महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन अब वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। संस्थान में सिलाई, बुटीक और फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि क्षेत्र की अन्य महिलाएं भी कौशल सीखकर स्वरोजगार से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जताया आभार
समूह की महिलाओं ने कहा कि शासन की योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सम्मानजनक आजीविका कमाने का अवसर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनके जीवन में आर्थिक और सामाजिक बदलाव आया है तथा भविष्य में और अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य लेकर वे आगे बढ़ रही हैं।
