रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा और अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वन महोत्सव में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने वन विभाग के “पौधा तुंहर दुवार” अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का भी वितरण किया गया।
वृक्ष जीवन और पर्यावरण का आधार : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वृक्ष केवल धरती का श्रृंगार नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करने के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिक्षा के मंदिर में वृक्षारोपण का आयोजन प्रेरणादायक है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस हमें वन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व की याद दिलाता है।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
वन संरक्षण पर जनप्रतिनिधियों ने भी दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि वन प्रकृति और मानव जीवन के संतुलन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने तथा उसकी जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया।
मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे ने बताया कि वर्ष 1950 से शुरू हुआ वन महोत्सव आज भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना हुआ है।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कुलपति डॉ. विरेन्द्र कुमार सारस्वत, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
