रायपुर, 29 जुलाई 2026। सावन माह में अमरकंटक से कवर्धा तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विशेष पहल की है। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने विधायक कार्यालय से मृत्युंजय आश्रम, अमरकंटक में संचालित होने वाले निःशुल्क भंडारे के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री से भरे अन्नकूट रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के श्री भगत पटेल, श्री नरेन्द्र मानिकपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद “हर-हर नर्मदे” और “बोल बम” के जयघोष के बीच भोजन सामग्री से भरे वाहनों को अमरकंटक के लिए रवाना किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल के तहत मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन निःशुल्क भोजन एवं ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। भंडारे में दाल, भात, सब्जी, पूड़ी, खीर और हलवा जैसे व्यंजन श्रद्धालुओं को श्रद्धा और आत्मीयता के साथ परोसे जाएंगे।
हर साल हजारों श्रद्धालु उठाते हैं लाभ
आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष भी हजारों कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं ने इस निःशुल्क भंडारे का लाभ लिया था। इस वर्ष उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की सहभागिता से इस सेवा को और अधिक व्यापक रूप दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
भक्ति के साथ सेवा का संदेश
उल्लेखनीय है कि सावन माह में लाखों श्रद्धालु अमरकंटक से पवित्र जल लेकर पदयात्रा करते हुए भोरमदेव और बुढ़ा महादेव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मृत्युंजय आश्रम में संचालित यह निःशुल्क भंडारा कांवड़ यात्रियों के लिए राहत का केंद्र बनता है और भक्ति के साथ सेवा की भावना को भी मजबूत करता है।
