रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।
गुरु भारतीय संस्कृति के आधार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि संस्कार, आध्यात्मिक चेतना और जीवन की सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रदेशवासियों को दी गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, ज्ञान और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
