रायपुर, 28 जुलाई 2026। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान शासकीय अस्पतालों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को हेपेटाइटिस बी और सी संक्रमण से बचाव, समय पर जांच, टीकाकरण और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।
प्रदेशभर में चले जागरूकता कार्यक्रम
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य केंद्रों में हेपेटाइटिस बी और सी की स्क्रीनिंग की गई, जबकि स्वास्थ्यकर्मियों एवं उच्च जोखिम वाले लोगों का हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण भी किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परामर्श शिविर, स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संक्रमण से बचाव के उपाय बताए गए।
समय पर जांच और सुरक्षित जीवनशैली पर जोर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित इंजेक्शन, सुरक्षित रक्ताधान, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस बी और सी जैसी बीमारियों पर समय रहते जांच और उपचार के माध्यम से प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हेपेटाइटिस के प्रमुख लक्षणों में बुखार, भूख कम लगना, अत्यधिक थकान, जोड़ों में दर्द, अनिद्रा, पैरों में सूजन, त्वचा में खुजली और गहरे रंग का मूत्र शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।
गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में सभी गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से हेपेटाइटिस-बी जांच कराई जा रही है, ताकि नवजात शिशुओं को संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। राज्य के सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में हेपेटाइटिस की निःशुल्क जांच तथा जिला अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक रहें, समय पर जांच और टीकाकरण कराएं तथा सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार अपनाएं। विभाग ने कहा कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच और उपचार का लाभ अवश्य लें। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर स्वस्थ एवं निरोग छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है।
