रायपुर। डिजिटल सुशासन की दिशा में नारायणपुर जिले का सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए त्वरित शासकीय सेवाओं का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को अब कई सरकारी सेवाएं समयबद्ध और डिजिटल प्रक्रिया के जरिए उपलब्ध कराई जा रही हैं।
24 घंटे में मिला आय प्रमाण पत्र
नारायणपुर जिले के दूरस्थ ग्राम साकड़ीबेड़ा निवासी तेजराम भोयर को अपने पुत्र मनोज भोयर की उच्च शिक्षा के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया, जिसके बाद उन्हें महज 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उनके पुत्र का प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।
ग्रामीणों को मिल रही राहत
तेजराम भोयर ने बताया कि पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उनका काम एक ही दिन में पूरा हो गया।
डिजिटल सुशासन को मिल रही मजबूती
राज्य सरकार की डिजिटल सुशासन पहल के तहत संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान हुई है और नागरिकों का भरोसा भी बढ़ा है।
