रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
कोरबा के जल संरक्षण कार्यों को मिली राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, रिचार्ज वेल और अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘मन की बात’ से मिल रही छत्तीसगढ़ को नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री ने मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और अब कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ के नवाचारों और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।
कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने भी कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
‘हर घर तिरंगा’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने स्थानीय उत्पादों, जनजातीय हस्तशिल्प, कोसा, हथकरघा, बांस शिल्प और वन उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने आगामी गणेशोत्सव के लिए मिट्टी से बनी पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के उपयोग का भी आह्वान किया और लोगों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
युवाओं की उपलब्धियों की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में विज्ञान, अंतरिक्ष, खेल और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
