जगदलपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान में भाग लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों की मौजूदगी में 630 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ा रही है।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने लिया पौधों के संरक्षण का जिम्मा
कार्यक्रम के दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (जिला संघ बस्तर) ने रोपे गए सभी 630 पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ली। इस अवसर पर आयोजित ग्रीन कैनवास अभियान में वन मंत्री और अन्य अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हस्ताक्षर भी किए।
हितग्राहियों को 35.98 लाख रुपये से अधिक की सहायता
वन विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कार्यक्रम में ₹35.98 लाख से अधिक की सहायता राशि और डमी चेक हितग्राहियों को वितरित किए गए। इनमें तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजना, प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मलिक मकबूजा, किसान वृक्ष मित्र योजना तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व राहत मद के लाभार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
