रायपुर | 13 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी बेहतर भागीदारी निभा रही हैं।
11 जुलाई 2026 को योजना की 29वीं किस्त जारी की गई, जिसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। योजना की शुरुआत से अब तक 29 किस्तों के माध्यम से 18,805 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
राज्य सरकार ने योजना के प्रभावी संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को भी मजबूत कर रही है। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से महिलाएं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और घरेलू जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिली प्रतिक्रियाओं के अनुसार योजना का लाभ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। बालोद की देवकी विश्वकर्मा योजना की राशि से घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती हैं। राधिका सोनवानी बच्चों की स्कूल फीस समय पर जमा कर पा रही हैं, जबकि जशपुर की रेहाना खातून ने इसी राशि से छोटा घरेलू व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ाई है।
सरकार का कहना है कि योजना का सबसे बड़ा प्रभाव महिलाओं की आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि के रूप में सामने आया है। इससे परिवारों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ा है तथा स्वरोजगार और बचत की संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिला है।
