रायपुर, 13 जुलाई 2026। शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इसका एक प्रेरक उदाहरण बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम सालेपाल निवासी राजू पोयामी के मामले में देखने को मिला, जहां उनकी बेटी के स्कूल प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज महज 30 मिनट में उपलब्ध करा दिए गए।
राजू पोयामी ने अपनी बेटी मनकी पोयामी के स्कूल प्रवेश के लिए आवश्यक आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें आशंका थी कि इन प्रमाणपत्रों के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है, जिससे बेटी के प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती थी।
हालांकि, सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद मात्र 30 मिनट के भीतर उन्हें आय, जाति और निवास तीनों प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिए गए। इससे उनकी बेटी के स्कूल प्रवेश की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समय पर पूरी हो सकी।
राजू पोयामी ने सेवा सेतु केंद्र की त्वरित, सरल और नागरिक हितैषी व्यवस्था की सराहना करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कम समय में आवश्यक दस्तावेज मिलने से उन्हें अनावश्यक परेशानी और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
राज्य सरकार के अनुसार सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और आवश्यक प्रमाणपत्र एवं अन्य सेवाएं शीघ्र उपलब्ध हो रही हैं। सेवा सेतु केंद्र सुगम, पारदर्शी और प्रभावी सेवा वितरण की दिशा में शासन की महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहे हैं।
