रायपुर, 13 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को बैटरी चालित ट्राइसायकल उपलब्ध कराई, जिससे उनके आवागमन में आसानी आई और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिली।
रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के ग्राम निवारी निवासी श्री नंद किशोर टंडन तथा ग्राम सेजा निवासी श्री खिलेन्द्र कुमार साहू (वर्मा), जो दोनों 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं, ने आवागमन में हो रही कठिनाइयों को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग ने दोनों मामलों का त्वरित परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बैटरी चालित ट्राइसायकल उपलब्ध कराई।
बैटरी चालित ट्राइसायकल मिलने के बाद अब दोनों हितग्राहियों के लिए दैनिक आवागमन, शासकीय कार्यालयों तक पहुंच, आवश्यक कार्यों का निष्पादन और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। इससे न केवल उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ी है, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आया है।
दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या का समयबद्ध समाधान हुआ। अब वे बिना किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर हुए अपने आवश्यक कार्य आसानी से कर सकेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेशभर में पात्र हितग्राहियों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। यह व्यवस्था नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करने के साथ-साथ शासन की जनहितैषी, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली को भी मजबूत बना रही है।
