रायपुर, 13 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले को स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। National Medical Commission के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शासकीय मेडिकल कॉलेज, कबीरधाम को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालित करने की औपचारिक अनुमति प्रदान कर दी है। यह मेडिकल कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर से संबद्ध होगा। इस स्वीकृति के साथ जिले की वर्षों पुरानी मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी होने जा रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना कबीरधाम के विकास की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही और इसके लिए केंद्र एवं राज्य स्तर पर लगातार समन्वय और प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कबीरधाम सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए जिला अस्पताल का 100 बिस्तरों से बढ़ाकर 220 बिस्तरों में उन्नयन किया गया, जिससे आवश्यक अधोसंरचना तैयार हो सकी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया, जिसकी नियमित समीक्षा स्वयं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करते रहे।
मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी प्राथमिकता के आधार पर पूरी की गई। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को स्वीकृति मिली। इसके अलावा 23 जून को नई दिल्ली प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज शुरू कराने का आग्रह किया था। लगातार समन्वय और फॉलोअप के बाद एनएमसी ने 2026-27 सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ कॉलेज संचालन की अनुमति प्रदान की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेशनल मेडिकल कमीशन और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना से कबीरधाम के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध होगी। साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा और क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। यह उपलब्धि कबीरधाम को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के प्रमुख जिलों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
