मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। वर्ष 2009 में अविभाजित राजनांदगांव जिले के थाना मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे सहित 29 पुलिस अधिकारी एवं जवानों को उनकी 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के रक्षित केंद्र मोहला स्थित अमर जवान प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
गौरतलब है कि 12 जुलाई 2009 को नक्सलियों द्वारा कोरकोट्टी में घात लगाकर किए गए हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे सहित कुल 29 जवान शहीद हो गए थे। यह घटना छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े नक्सली हमलों में से एक मानी जाती है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का ही परिणाम है कि आज यह जिला पूरी तरह नक्सल मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है और क्षेत्र में शांति एवं विकास का वातावरण स्थापित हुआ है।

श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह, आईटीबीपी 44वीं वाहिनी पानाबरस के द्वितीय कमान अधिकारी श्री शरत कुमार त्रिपाठी सहित जिला पुलिस बल, डीआरजी, आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अमर जवान प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा कोरकोट्टी नक्सल अभियान में शहीद हुए वीर जवानों को समर्पित लेख “कोरकोट्टी” का भी विमोचन किया गया। इसके अलावा वीर शहीदों की स्मृति में रक्षित केंद्र मोहला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
कोरकोट्टी के वीर जवानों की शहादत आज भी साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती है। श्रद्धांजलि समारोह के माध्यम से उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए देश और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
