बालोद । छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना की 29वीं किस्त की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। राशि प्राप्त होने के बाद बालोद जिले की महिलाओं में खुशी का माहौल है। लाभार्थियों ने इस योजना को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
बालोद जिले के विभिन्न गांवों की महिलाओं ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू खर्च और छोटे-छोटे स्वरोजगार संबंधी कार्यों में किया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है।
ग्राम बघमरा की देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें 29वीं किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। वे इस राशि का उपयोग घर के दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों की खरीद तथा सिलाई-कढ़ाई के कार्यों में करती हैं। वहीं ग्राम जगन्नाथपुर की जामवंती विश्वकर्मा ने कहा कि हर महीने मिलने वाली यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गई है।
इसी तरह ग्राम ओरमा की राधिका सोनवानी ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा कर पा रही हैं, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली है। उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से घरेलू जरूरतों को पूरा करना पहले की तुलना में अधिक आसान हो गया है।
लाभार्थी महिलाओं ने अपने मोबाइल पर प्राप्त राशि का संदेश दिखाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और विपरीत परिस्थितियों में सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रही है।
