रायपुर, 11 जुलाई 2026। प्रदेश सरकार महिलाओं को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत बलरामपुर जिले में ‘खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर’ अभियान के अंतर्गत आयोजित महिला खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता ने खेल प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान किया। विकासखंड बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचीं महिला प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे खेल आयोजन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं ने 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, शील्ड, मेडल तथा सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन की एक विशेष पहल के तहत सभी महिला प्रतिभागियों को एक-एक पौधा भी वितरित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया, ताकि खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।
