रायपुर, 4 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के परिवारों के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे न केवल बिजली बिल में भारी कमी आ रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इसी योजना का लाभ राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मोरकुटूम्ब की निवासी एवं मितानीन प्रशिक्षक श्रीमती कामती बाई साहू को मिला है। उनके घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित होने के बाद बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है और हर महीने करीब 1,000 रुपये की बचत हो रही है।
योजना की जानकारी मिलते ही कराया आवेदन
श्रीमती कामती बाई साहू ने बताया कि वे मितानीन प्रशिक्षक हैं, जबकि उनके पति किराना दुकान संचालित करते हैं। पहले उनके घर का बिजली बिल हर महीने एक हजार रुपये से अधिक आता था, जिससे घरेलू खर्च बढ़ जाता था।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया।
सरकारी सब्सिडी से आसान हुआ सोलर प्लांट लगाना
कामती साहू को सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई।
कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सरकारी सहायता मिलने से बिना किसी बड़े आर्थिक बोझ के उनके घर में सोलर प्लांट स्थापित हो सका।
अब अपनी बिजली भी, अतिरिक्त बिजली से भी आय
सोलर प्लांट चालू होने के बाद इस महीने उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य आया।
अब उनका परिवार अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहा है। इसके अलावा अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर उसका भी लाभ प्राप्त किया जा रहा है, जिससे परिवार की बचत और आय दोनों में वृद्धि हो रही है।
स्वच्छ ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा
श्रीमती कामती बाई साहू का कहना है कि यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होती है, प्रदूषण घटता है और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।
अन्य परिवारों से योजना का लाभ लेने की अपील
कामती बाई साहू ने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण जैसे तीनों महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ पूरा कर रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई पहल
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए स्वच्छ ऊर्जा को सुलभ बनाते हुए बिजली खर्च कम करने और आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। सरकारी सब्सिडी और सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ लोगों का जीवन भी अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बन रहा है।
