रायपुर | 2 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण सरगुजा जिले की छात्रा आराधना सिंह हैं, जिनकी उच्च शिक्षा केवल आधार कार्ड में जन्मतिथि की एक गलती के कारण अटक गई थी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया, जिससे अब छात्रा बिना किसी बाधा के कॉलेज में प्रवेश ले सकेगी।
आधार कार्ड की गलती बनी थी पढ़ाई में बड़ी रुकावट
सरगुजा जिले के ग्राम करिया निवासी आराधना सिंह ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में प्रवेश की तैयारी शुरू की थी। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान पता चला कि उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि लगभग तीन वर्ष गलत दर्ज है। इस तकनीकी त्रुटि के कारण कॉलेज एडमिशन सहित आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
छात्रा ने आधार सेवा केंद्र और डाकघर सहित कई जगह सुधार कराने का प्रयास किया, लेकिन सही जानकारी और प्रक्रिया के अभाव में समस्या का समाधान नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत, तुरंत हरकत में आया प्रशासन
समस्या का समाधान नहीं होने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने छात्रा से संपर्क किया और जन्मतिथि सुधार की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेज, जन्म प्रमाण पत्र, शपथ पत्र (एफिडेविट) सहित आवेदन प्रक्रिया में पूरा मार्गदर्शन दिया।
एक सप्ताह में जारी हुआ संशोधित आधार कार्ड
प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आराधना सिंह ने दोबारा आधार सेवा केंद्र में आवेदन किया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग एक सप्ताह के भीतर संशोधित आधार कार्ड जारी कर दिया गया और जन्मतिथि की त्रुटि पूरी तरह ठीक कर दी गई।
अब बिना किसी बाधा के ले सकेंगी कॉलेज में प्रवेश
समस्या के समाधान के बाद आराधना सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे उच्च शिक्षा जारी रख सकेंगी और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बिना किसी परेशानी के शामिल हो पाएंगी।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की मदद नहीं मिलती, तो उनका काम इतनी जल्दी पूरा नहीं हो पाता।
मुख्यमंत्री और प्रशासन का जताया आभार
आराधना सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था है तथा शासन से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए इसका उपयोग करना चाहिए।
