सक्ती। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि से महिलाएं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभाते हुए आत्मनिर्भर बन रही हैं। सक्ती जिले की ग्राम पंचायत जेठा निवासी श्रीमती लक्ष्मीन सिदार इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं।
श्रीमती लक्ष्मीन सिदार ने बताया कि पहले घरेलू खर्च और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में कई बार आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता राशि ने उनके परिवार को बड़ी राहत प्रदान की है।
28वीं किस्त तक मिल चुकी है योजना की राशि
लक्ष्मीन सिदार ने बताया कि योजना की राशि नियमित रूप से उनके बैंक खाते में जमा हो रही है और उन्हें अब तक 28वीं किस्त प्राप्त हो चुकी है।
वे इस राशि का उपयोग बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं, जिससे परिवार का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हुआ है।
बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें हो रहीं पूरी
योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता के कारण अब बच्चों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी है। साथ ही घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में भी सुविधा मिल रही है।
लक्ष्मीन सिदार का कहना है कि इस योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
श्रीमती लक्ष्मीन सिदार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद जगाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।
