रायपुर, 26 जून 2026। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कांकेर जिला कलेक्ट्रेट में नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों एवं शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नक्सल पीड़ित परिवारों तथा शहीदों के आश्रितों के सम्मान, सुरक्षा और पुनर्वास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
हर बुधवार होगी शहीद और नक्सल पीड़ित परिवारों की सुनवाई
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने निर्देश दिए कि जिले के पुलिस अधीक्षक प्रत्येक बुधवार नक्सली पीड़ित परिवारों और शहीद जवानों के परिजनों से नियमित रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा उनके त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
यह भी पढ़ें: ₹235 करोड़ की पहली यूनिट से 4,600+ रोजगार, 81 एकड़ ……….. आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और उनकी प्रत्येक समस्या का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना है।

₹10 करोड़ से बनेंगे शहीद स्मारक
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद स्मारकों के निर्माण के लिए समग्र निधि से ₹10 करोड़ का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में गांवों के सामुदायिक भवन, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही जिन स्थानों पर नक्सली हिंसा की बड़ी घटनाएं हुई हैं, वहां उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रेरणादायी स्मारकों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां शहीदों के सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
शहीद परिवारों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र शहीद परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में भी प्राथमिकता देते हुए शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
शहीदों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नक्सली पीड़ित एवं शहीद परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र और समाज के लिए अमूल्य है तथा उनके परिवारों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
नक्सलमुक्त बस्तर की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि उन्होंने स्वयं नक्सल हिंसा के कारण विस्थापन का दर्द झेला है, इसलिए वे नक्सल पीड़ित परिवारों की पीड़ा को भली-भांति समझते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व और रणनीति के कारण प्रदेश नक्सल हिंसा से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है, जिससे आज लोग बिना भय के सामान्य जीवन जी पा रहे हैं।
बैठक में राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
