रायपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं, के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा। इसी दिशा में नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में ₹235 करोड़ के निवेश से पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जिससे 4,600 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
₹235 करोड़ की पहली यूनिट, 4,600 से अधिक रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में पहली औद्योगिक इकाई की स्थापना शुरू हो गई है। 25 जून को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया।
यह भी पढ़ें: AI अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ……….. आगे पढ़ें
तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां ₹235 करोड़ का निवेश कर अपनी उत्पादन इकाई स्थापित कर रही है। कंपनी मुख्य रूप से किड्सवियर (बच्चों के परिधान), निट गारमेंट्स तथा यूरोप और अमेरिका के बाजारों के लिए निर्यात योग्य वस्त्रों का निर्माण करेगी।
81 एकड़ के टेक्सटाइल पार्क में ₹445 करोड़ का निवेश, 11 हजार से अधिक रोजगार की संभावना
मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र और सहायक उद्योगों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तैयार की जा रही है।
टेक्सटाइल पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगभग ₹445 करोड़ के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
निवेशकों के लिए विश्वस्तरीय अधोसंरचना विकसित
वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा टेक्सटाइल पार्क में निवेशकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें डामरीकृत सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत सब-स्टेशन, जल प्रदाय प्रणाली, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र और कॉमन फैसिलिटी सेंटर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, 3 जुलाई तक करें आवेदन ……….. आगे पढ़ें
बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक अधोसंरचना और मजबूत लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के कारण नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क उद्योगों के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य बन रहा है।
नई औद्योगिक नीति में टेक्सटाइल सेक्टर को विशेष प्राथमिकता
राज्य शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट्स को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए महिला कर्मचारियों को ₹6,000 तथा पुरुष कर्मचारियों को ₹5,000 प्रति माह की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान किया गया है।
नई औद्योगिक नीति के प्रभाव से प्रदेश में पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.6 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
टेक्सटाइल के साथ अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ रहा निवेश
राज्य में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योगों के अलावा डेटा सेंटर, आईटी, फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में भी बड़े निवेश आकर्षित हुए हैं। यह छत्तीसगढ़ के औद्योगिक माहौल और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं, के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
