रायपुर, 26 जून 2026। बीजापुर जिला प्रशासन की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु’ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए सुशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। सेवा सेतु केंद्रों के जरिए अब विभिन्न शासकीय प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका लाभ उठाकर भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम तड़केल निवासी वंदना हेमला को एक ही दिन में स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
एक दिन में जारी हुआ स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र
विकासखंड भैरमगढ़ की ग्राम पंचायत तड़केल निवासी वंदना हेमला ने सेवा सेतु केंद्र नेलेसनार के माध्यम से स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया।
आवेदन प्राप्त होने के बाद उसी दिन उसका निराकरण करते हुए स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। सेवा सेतु केंद्र के प्रबंधक श्री मुकेश कुमार बघेल ने उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध रही।
समय और धन दोनों की हुई बचत
वंदना हेमला ने बताया कि पहले किसी भी शासकीय प्रमाण-पत्र के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे।
लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल रही और एक ही दिन में प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनके आवश्यक कार्य भी समय पर पूरे हो सके और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
ग्रामीणों के लिए भरोसेमंद डिजिटल सहारा बना सेवा सेतु
वंदना हेमला के अनुसार अब सरकारी सेवाएं गांव के नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है। सेवा सेतु केंद्रों ने दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाया है और लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन बीजापुर तथा सेवा सेतु केंद्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
डिजिटल सेवाओं से मजबूत हो रहा सुशासन
जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से स्थानीय निवास, जाति, आय, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण-पत्र सहित अनेक शासकीय सेवाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यह पहल शासन की डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
