रायपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में जनसमस्याओं के निराकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। सक्ती जिले में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जा रहा है। इसी का एक उदाहरण तब सामने आया, जब ग्राम खोंधर निवासी श्रीमती संजुक्ता पटेल का निष्क्रिय आधार कार्ड शिकायत दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर पुनः सक्रिय कर दिया गया।
आधार कार्ड निष्क्रिय होने से योजनाओं का लाभ लेने में हो रही थी परेशानी
विकासखंड डभरा के ग्राम खोंधर निवासी श्रीमती संजुक्ता पटेल का आधार कार्ड तकनीकी कारणों से निष्क्रिय हो गया था। इसके कारण उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या से परेशान होकर उनके पति श्री नरेंद्र पटेल ने समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन, 2 घंटे में हुआ समाधान
शिकायत प्राप्त होते ही ई-जिला प्रबंधक श्री दुष्यंत सोनी एवं आधार टीम ने मामले का तत्काल परीक्षण किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर श्रीमती संजुक्ता पटेल का आधार कार्ड पुनः सक्रिय करा दिया।
यह भी पढ़ें: श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, 3 जुलाई तक करें आवेदन ……….. आगे पढ़ें
त्वरित कार्रवाई के बाद उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया, जिससे अब वे बिना किसी बाधा के शासकीय योजनाओं एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।
त्वरित कार्रवाई से लाभार्थी ने जताया संतोष
श्रीमती संजुक्ता पटेल ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समस्या के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन इतनी कम समय में कार्रवाई होने से वे बेहद संतुष्ट हैं।

यह भी पढ़ें: ₹8.63 करोड़ के सड़क और पुल निर्माण कार्यों की सौगात, कई विकास……….. आगे पढ़ें
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अब आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली से लोगों का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
