रायपुर। विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सक्ती जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला प्रशासन ने एडु एक्सेस संस्था के साथ सहयोग स्थापित किया है। इस पहल के तहत जिले के विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया, करियर मार्गदर्शन, मेंटरशिप और परीक्षा तैयारी की सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्हें उपयुक्त विश्वविद्यालयों के चयन, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके अलावा विद्यार्थियों को प्रभावी सीवी (CV) तैयार करने, स्टेटमेंट ऑफ पर्पस (SOP) और पर्सनल स्टेटमेंट लिखने में भी सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में चयन की संभावना बढ़ सके।
यह भी पढ़ें: AI अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ……….. आगे पढ़ें
IELTS, TOEFL, GRE और GMAT की तैयारी भी होगी निःशुल्क
विदेश में अध्ययन के लिए आवश्यक प्रतियोगी परीक्षाओं IELTS, TOEFL, GRE एवं GMAT की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को विशेषज्ञों का सहयोग मिलेगा। एडु एक्सेस संस्था द्वारा यह सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
संस्था से जुड़े विशेषज्ञ स्वयं ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से शिक्षित हैं और अपने अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तैयारी कराने में मार्गदर्शन देंगे।
यह भी पढ़ें: श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, 3 जुलाई तक करें आवेदन ……….. आगे पढ़ें
जिला पंचायत कार्यालय से जुड़ सकते हैं इच्छुक विद्यार्थी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने जिले के विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र जिला पंचायत कार्यालय से संपर्क कर इस पहल का हिस्सा बन सकते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और वैश्विक अवसरों के माध्यम से जिले के विद्यार्थी न केवल अपने भविष्य को नई दिशा देंगे, बल्कि अपने गांव, जिले, राज्य और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान निभाएंगे।
