कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल बैगा बहुल क्षेत्रों में सोमवार को उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बैगा परिवारों के बीच जमीन पर बैठकर भोजन किया, उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए 92.50 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की घोषणा की।
बैगा परिवारों के बीच पहुंचे उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्राम पंचायत केसमर्दा, दलदली, भुरसीपकरी, पीपरखुंटा और चेंदरादादर सहित कई दूरस्थ गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही कई विकास कार्यों की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: ग्रामीण रोजगार के लिए 125 दिन की गारंटी, योजना के तहत 4,000 करोड़ रुपये ……….. आगे पढ़ें
92.50 लाख रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी
दौरे के दौरान विभिन्न गांवों और आश्रित बस्तियों के लिए सीसी रोड, सामुदायिक भवन, देवगुड़ी भवन, हैंडपंप, कुआं निर्माण, पुलिया, आंगनबाड़ी भवन और स्कूल परिसरों के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई।
घोषित कार्यों में प्रमुख रूप से शामिल हैं—
- केसमर्दा में सीसी रोड, किचन शेड और देवगुड़ी भवन निर्माण
- दलदली और दरई में हैंडपंप व सामुदायिक भवन
- भुरसीपकरी क्षेत्र में स्कूल परिसर विकास, कुआं निर्माण और सांस्कृतिक मंच
- पीपरखुंटा एवं आश्रित ग्रामों में सीसी रोड, देवगुड़ी और पेयजल सुविधाएं
- चेंदरादादर, धनवाही और कोयलारी में सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन, बाउंड्रीवाल और हैंडपंप
यह भी पढ़ें: 16,757 करोड़ रुपये का खनिज राजस्व ,छत्तीसगढ़ के खनन क्षेत्र में बड़ा बदलाव ……….. आगे पढ़ें
जनसंपर्क कार्यक्रम की सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली जब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बैगा परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनके जीवन, आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चर्चा की।

ग्रामीणों ने अपनी मांगें सीधे उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिन पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
वनांचल के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसी भी ग्रामीण को छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भटकना न पड़े और विकास का लाभ हर गांव तथा हर परिवार तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है, ताकि वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
