रायपुर। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन तथा कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश का सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान में चल रही विकास परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद रायगढ़ प्रदेश के लिए एक मॉडल शहर के रूप में स्थापित होगा।
विकास का नया मॉडल बनेगा रायगढ़
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
यह भी पढ़ें: सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ……….. आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रायगढ़ विकास एवं सुशासन का नया उदाहरण बनेगा।
नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव
प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने परियोजना की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया तथा संबंधित एजेंसियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल यातायात सुविधा का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यह रायगढ़ की नई पहचान के रूप में उभरेगा। इससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
श्री चौधरी ने अधिकारियों को आगामी नवंबर तक परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व सेवन भ्रमण के दौरान दुर्लभ इंडियन फ्लाइंग स्क्विरल (भारतीय उड़न गिलहरी) देखी गई ……….. आगे पढ़ें
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया आईएसबीटी
निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बस टर्मिनल में एक समय में 30 बसों के संचालन की सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि अतिरिक्त 40 बसों के लिए भी पर्याप्त स्थान और पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग 550 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए पृथक वर्कशॉप क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह बस टर्मिनल रायगढ़ को प्रदेश और देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
ऑक्सीजोन परियोजनाओं से बढ़ेगी हरियाली
वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस हरित परिसर को उन्होंने रायगढ़ के पर्यावरणीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजोन में दो प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश दिए। श्री चौधरी ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के दौर में ऐसे हरित क्षेत्रों का विकास अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजोन परियोजना शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विकास और पर्यावरण संरक्षण को मिल रही समान प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना के निर्माण के साथ-साथ हरित परियोजनाओं, जल संरक्षण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को भी समान महत्व दिया जा रहा है। यही दृष्टिकोण रायगढ़ को भविष्य का मॉडल शहर बनाने में सहायक होगा।
अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समय-सीमा के निर्देश
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने सभी निर्माण एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
