रायपुर। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा और मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास ने सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था और तकनीक आधारित जनसुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने दोनों प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम लोगों को मिल रही सुविधाओं और उनके संचालन की जानकारी दी।
बैठक में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तकनीक के जरिए नागरिकों के करीब पहुंच रही सरकार
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु जैसी पहलें शासन और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत कर रही हैं तथा सरकारी सेवाओं को सरल और सुलभ बना रही हैं।
सलाहकार ने खुद कॉल कर परखी व्यवस्था
अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास ने स्वयं सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।
उन्होंने शिकायत पंजीयन, समाधान प्रक्रिया और कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए कहा कि यह व्यवस्था शासन की संवेदनशीलता और नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।
शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर जोर
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे शासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली विकसित की गई है, जिससे शिकायत दर्ज होने से लेकर समाधान तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहती है।
सेवा सेतु से घर बैठे मिल रही शासकीय सेवाएं
अधिकारियों ने बताया कि सेवा सेतु राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं और प्रमाण-पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस व्यवस्था से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और सरकारी सेवाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा डिजिटल लाभ
अधिकारियों ने जानकारी दी कि सेवा सेतु प्लेटफॉर्म से लगातार नई सेवाओं को जोड़ा जा रहा है।
मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों से उपलब्ध इन सेवाओं का लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक भी आसानी से उठा रहे हैं। भविष्य में और अधिक सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
पंकज झा और आर. कृष्णा दास ने सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन आधारित विकास सोच को जमीन पर उतारने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक का समावेश नागरिकों का शासन पर विश्वास मजबूत करेगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
