रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर मर्यादा और शिष्टाचार की सीमाएं लांघने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व पर की जा रही व्यक्तिगत टिप्पणियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और विपक्ष के नेताओं के प्रति असम्मानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से ऐसे नेताओं को संयमित भाषा और राजनीतिक मर्यादा का पाठ पढ़ाने की मांग की।
राहुल गांधी पर टिप्पणी करने का भाजपा को अधिकार नहीं : कांग्रेस
यह भी पढ़ें: ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 युवाओं ने UPSC प्रीलिम्स में लहराया परचम, ……….. आगे पढ़ें
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी पर टिप्पणी करने से पहले देश के स्वतंत्रता संग्राम और कांग्रेस के योगदान को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े परिवार की विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं और देश के किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा आम जनता की आवाज उठा रहे हैं।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा से किसी प्रकार के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों को प्रभावित करने की राजनीति कर रही है।
यह भी पढ़ें: NEET UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए सिम्स की बड़ी पहल, 24×7 मानसिक स्वास्थ्य ……….. आगे पढ़ें
राहुल गांधी 21 जून को पहुंचेंगे रायपुर
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नव-नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए 20 जून से 29 जून तक दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसॉर्ट में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi 21 जून को दोपहर लगभग 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर आगमन के बाद वे सीधे प्रशिक्षण स्थल जाएंगे और शाम लगभग 5:30 बजे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद वे नियमित विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें: बस्तर मॉडल की पूरे देश में चर्चा, 8241 परिवारों को मिला जमीन पर वैध ……….. आगे पढ़ें
सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी महासचिव Sachin Pilot भी शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी के प्रभारी सचिव, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के पदाधिकारी, विषय विशेषज्ञ और प्रदेश के वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन विस्तार, जनसंपर्क, राजनीतिक कार्यप्रणाली और जनता से संवाद जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
गांवों में रात्रि विश्राम और श्रमदान भी करेंगे जिलाध्यक्ष
सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगा। नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करेंगे और श्रमदान गतिविधियों में भी भाग लेंगे।
इसके लिए आठ गांवों का चयन किया गया है, जहां जिलाध्यक्ष जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे और ग्रामीण जीवन को नजदीक से समझेंगे।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण सकारात्मक राजनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनता के बीच बेहतर कार्य करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
